जनऊपुर गोलीकांड: मोहित सोनकर हत्याकांड का मुख्य आरोपी दीपक सोनकर गिरफ्तार
सुल्तानपुर - कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के जनऊपुर गांव में हुए चर्चित गोलीकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोहित सोनकर हत्याकांड के मुख्य आरोपी दीपक सोनकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आलाकत्ल पिस्टल की बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी। जानकारी के अनुसार पुलिस आरोपी दीपक सोनकर को घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने अचानक पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर गोली चला दी। आरोपी की इस हरकत से पुलिस टीम सतर्क हो गई और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी दीपक सोनकर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने घायल आरोपी को अपने कब्जे में लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि जनऊपुर गांव में हुई इस घटना में मृतक मोहित सोनकर के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने 5 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस सतर्क है और मामले की गहन जांच जारी है
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.