सुल्तानपुर में आपत्तिजनक व्हाट्सएप स्टेटस पर बवाल,समाजवादी यूथ ब्रिगेड ने सीओ सिटी को सौंपा ज्ञापन
सुल्तानपुर : जनपद सुल्तानपुर में समाज कल्याण विभाग के कनिष्ठ सहायक अभिषेक गिरी पर एक विशेष समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक व्हाट्सएप स्टेटस लगाने का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी की मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड ने बुधवार को कड़ा विरोध जताते हुए सीओ सिटी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष शहजाद अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को सीओ सिटी सौरभ सामंत से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि समाज कल्याण विभाग, सुल्तानपुर में तैनात कनिष्ठ सहायक अभिषेक गिरी ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक विशेष समुदाय के प्रति आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी पोस्ट की है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणी से समाज में आपसी सौहार्द बिगड़ सकता है और संबंधित समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। इस मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
एडवोकेट अशोक सिंह विसेन ने कहा कि किसी सरकारी पद पर कार्यरत व्यक्ति द्वारा इस तरह की भड़काऊ और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी करना अत्यंत निंदनीय है। इससे समाज में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, इसलिए मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ उचित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष शहजाद अहमद, एडवोकेट अशोक सिंह विसेन, सुल्तान खान, पवन यादव, सईद अहमद, सुरेश कुमार गौतम और संजय यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.