दोस्तपुर में इंडियन ऑयल गैस एजेंसी पर सिलेंडर को लेकर मचा हाहाकार
सुल्तानपुर : दोस्तपुर में इंडियन ऑयल गैस एजेंसी पर सिलेंडर को लेकर मचा हाहाकार, सुबह से लगी लंबी कतार
दोस्तपुर कस्बे में गुरुवार को इंडियन ऑयल गैस एजेंसी पर सिलेंडर को लेकर हाहाकार मच गया। ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम ठप होने के कारण सैकड़ों उपभोक्ता सुबह से ही एजेंसी के बाहर कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के लिए कई बार कॉल किया जा रहा है, लेकिन फोन नहीं लग रहा है और टोल फ्री नंबर भी काम नहीं कर रहा है। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एजेंसी पर मौजूद एक महिला उपभोक्ता ने रोते-रोते बताया कि वह सुबह से बिना खाए-पीए गैस एजेंसी पर बैठी हुई हैं। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों को घर पर छोड़कर गैस लेने आई हैं, लेकिन अभी तक मैसेज नहीं आया है, जिसकी वजह से उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
इस संबंध में इंडियन ऑयल गैस एजेंसी के प्रबंधक दीपक ने बताया कि सर्वर में तकनीकी समस्या के कारण ऑनलाइन बुकिंग प्रभावित हुई है, जिससे उपभोक्ताओं को दिक्कत हो रही है।
वहीं एजेंसी के कर्मचारी संजय ने बाइट देते हुए बताया कि एजेंसी के पास करीब 330 सिलेंडरों का स्टॉक मौजूद है। गैस उपलब्ध है, लेकिन ऊपर से मिले निर्देश के कारण बिना बुकिंग के सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है।
फिलहाल एजेंसी के बाहर लगी लंबी कतारों के कारण क्षेत्र के लोग परेशान हैं और सर्वर ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.