13 मार्च को जुम्मा, 19 से नवरात्र और 20 मार्च को चांद दिखने के आधार पर ईद—दोस्तपुर में पीस कमेटी की बैठक
दोस्तपुर : आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना दोस्तपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी उत्तम कुमार तिवारी ने की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी विनय कुमार गौतम, थाना प्रभारी अनिरुद्ध सिंह, नगर पंचायत प्रतिनिधि रमेश सोनकर तथा नगर पंचायत दोस्तपुर के वरिष्ठ लिपिक विपिन कुमार यादव मौजूद रहे।
बैठक में कस्बे व आसपास के गांवों से आए सैकड़ों व्यापारी, क्षेत्रवासी, ग्राम प्रधान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष दिनेश सिंह अग्निवंशी, अंकुर पाठक, प्रदीप दुबे, अरविंद कुमार त्रिपाठी, शंभू पांडे, शिव पांडे, रईस अहमद घौसी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि 13 मार्च को जुम्मा, 19 मार्च से नवरात्रि की शुरुआत होगी और 20 मार्च को चांद दिखने के आधार पर 21 ईद का त्योहार मनाया जाएगा। ऐसे में सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई।
अधिकारियों ने लोगों से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि ऐसी कार्रवाई की मिसाल आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें।
बैठक के बाद उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ पूरे कस्बे में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने मस्जिदों, मदरसों और प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.