मनरेगा भुगतान में भारी देरी: कांग्रेस का प्रदर्शन,राष्ट्रपति को ज्ञापन

सुल्तानपुर : मनरेगा मजदूरों के लंबित भुगतान को लेकर कांग्रेस पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में और शहर अध्यक्ष शकील अंसारी की उपस्थिति में जुलूस निकालकर विकास भवन पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला विकास अधिकारी को सौंपा गया।
ज्ञापन में कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि मनरेगा के तहत कार्य करने वाले मजदूरों को पिछले 75 दिनों से भुगतान नहीं मिला है। केवल उत्तर प्रदेश में लगभग 2,000 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। इसके साथ ही ग्राम रोजगार सेवकों और लगभग 40,000 संविदा कर्मियों को पिछले 8 महीनों से मानदेय नहीं मिला।
कांग्रेस का कहना है कि भुगतान में देरी से गरीब मजदूर आर्थिक संकट में हैं, जिससे वे होली जैसे त्योहार भी नहीं मना सके। उन्होंने मांग की कि:
मजदूरों की 75 दिन से लंबित मजदूरी का तुरंत भुगतान किया जाए।
ग्राम रोजगार सेवकों व संविदा कर्मियों के 8 माह से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान किया जाए।
भुगतान में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रदेश में लंबित लगभग 2,000 करोड़ रुपये का भुगतान तुरंत जारी किया जाए।
अभिषेक सिंह राणा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन छेड़ेगी। शकील अंसारी ने कहा कि गरीबों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मनरेगा जिला कोर्डिनेटर ओम प्रकाश सिंह, पूर्व प्रदेश सचिव राहुल त्रिपाठी, वरिष्ठ नेता सलाउद्दीन हाशमी, और पीसीसी सदस्य हौसला भीम ने भी सरकार की संवेदनहीनता और मजदूर विरोधी नीतियों पर कड़ा विरोध जताया।
इस मौके पर कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें सरदार रणजीत सिंह सलूजा, कुमारी निकलेश सरोज, मानस तिवारी, शरद श्रीवास्तव, नंद लाल मौर्य, हाजी फिरोज अहमद, हामिद राईनी, सुरेश चंद्र मिश्र, जनेश्वर उपाध्याय, आकाश सिंह, अवधेश गौतम, मोहसिन सलीम, अजय कुमार पांडे, अनवर शाही, अरुण त्रिपाठी, विजय पाल, श्याम लगन, दिनेश तिवारी, मो. सोहेल, मनीष तिवारी, जाकिर हसन, रामकिशोर, राहुल पांडेय, जमीदार यादव, मनोज तिवारी आदि शामिल थे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.