मौत को दावत देते स्कूली छात्र! एक बाइक पर 6 सवार, नियमों की उड़ाई धज्जियां

सुल्तानपुर : शहर के ओमनगर क्षेत्र में सुबह एक बेहद चिंताजनक और हैरान करने वाली घटना सामने आई, जिसने यातायात नियमों और अभिभावकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छः छात्र एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र बिना किसी डर के खुलेआम ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए निकल रहे थे। एक बाइक पर दो से अधिक सवारी बैठना कानूनन अपराध है, लेकिन यहां तो छह छात्र एक साथ बैठे हुए थे, जो किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा था।
स्थिति और भी गंभीर तब हो गई जब देखा गया कि किसी भी छात्र ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। ऐसे में जरा सी चूक या संतुलन बिगड़ने पर जानलेवा हादसा हो सकता था।
स्थानीय नागरिकों ने इस घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना है कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण मौके पर इस तरह की लापरवाही बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों की जान जोखिम में न पड़े।
इस घटना ने अभिभावकों की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े किए हैं। बच्चों को सुरक्षित तरीके से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन यहां स्पष्ट रूप से लापरवाही देखने को मिली।
प्रशासन और यातायात विभाग के लिए यह घटना एक चेतावनी है। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.