चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन कुलदेवी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब,ओ.पी. सिंह ने पैतृक गांव में की पूजा-अर्चना

सुल्तानपुर : दोस्तपुर क्षेत्र के बहोरापुर गांव स्थित प्राचीन कुलदेवी माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन भक्ति और आस्था का भव्य संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां हर कोई माता रानी के दर्शन और आशीर्वाद के लिए उत्साहित नजर आया।
इस पावन अवसर पर बसपा के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री ओ.पी. सिंह अपने पैतृक गांव बहोरापुर पहुंचे। उन्होंने अपने समर्थकों और क्षेत्रवासियों के साथ कुलदेवी माता मंदिर में पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। पूजन के दौरान धूप,दीप,अगरबत्ती और पुष्प अर्पित कर माता रानी का आह्वान किया गया,जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पूजा के उपरांत ओ.पी. सिंह ने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भव्य आरती की। “जय माता दी” के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती में भाग लेकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
मीडिया से बातचीत में ओ.पी. सिंह ने कहा कि नवरात्रि केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा और समाज में एकता का संदेश देने का पर्व है। उन्होंने माता रानी से क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह धार्मिक आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकजुटता और पारंपरिक संस्कृति को सुदृढ़ करने वाला भी सिद्ध हुआ। गांव और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने इस अवसर को उत्सव के रूप में मनाया, जिससे पूरा बहोरापुर क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया

संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.