गहरे तालाब ने ली दो मासूमों की जान: बचाने कूदा तीसरा बच्चा गंभीर, मलिकपुर नोनरा में मातम

सुल्तानपुर : जिले के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मलिकपुर नोनरा ग्राम सभा में 19 मार्च 2026 को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव के पास स्थित एक गहरे तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने के प्रयास में कूदा तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 14 वर्षीय रत्नेश (पुत्र जियाराम) और 18 वर्षीय कुंदन (पुत्र रविंद्र) के रूप में हुई है। वहीं 13 वर्षीय अमन (पुत्र प्रमोद) गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज सूरापुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच तीनों बच्चे गांव में स्थित आरोग्य मंदिर के पीछे बने तालाब के पास भैंस चराने गए थे। इसी दौरान तेज गर्मी के चलते रत्नेश और कुंदन तालाब में नहाने के लिए उतर गए। लेकिन तालाब की गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों अचानक डूबने लगे।
अपने साथियों को डूबता देख अमन घबरा गया और शोर मचाते हुए उन्हें बचाने के लिए खुद भी तालाब में कूद गया। हालांकि वह भी गहराई में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्राम प्रधान अशोक तिवारी ने बिना देर किए अपने निजी वाहन से तीनों बच्चों को कादीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद रत्नेश और कुंदन को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमन की हालत नाजुक देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद सूरापुर के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, तीनों बच्चे बेहद साधारण परिवार से हैं और उनके पिता मजदूरी व खेती-बाड़ी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। हर घर में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजन बेसुध होकर रो रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय अधिकारी विनय कुमार गौतम और कादीपुर थाना प्रभारी श्याम सुंदर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तालाब के चारों ओर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.