अधिवक्ता निभा रहा पेशकार की भूमिका, उठे सवाल
सुल्तानपुर : जनपद सुलतानपुर की नवनिर्मित तहसील बल्दीराय में एसडीएम कार्यालय के महत्वपूर्ण कार्य एक प्राइवेट व्यक्ति के भरोसे किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक अधिवक्ता एसडीएम कोर्ट में पेशकार की भूमिका निभा रहा है और कोर्ट से जुड़े आदेशों की कंप्यूटर पर फीडिंग भी कर रहा है। जानकारी के अनुसार जनपद अयोध्या निवासी वृज किशोर बर्मा को बल्दीराय तहसील स्थित एसडीएम कोर्ट में प्राइवेट कर्मी के रूप में पेशकार का कार्य करते देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह कोर्ट से संबंधित आदेशों की फीडिंग भी कंप्यूटर पर करता है, जो शासनादेश के विपरीत बताया जा रहा है।
इस मामले को लेकर तहसील के कई अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताई है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब किसी व्यक्ति के पास अधिवक्ता की डिग्री है और उसका सीओपी नंबर जारी है, तो उसे तहसील परिसर में वकालत करनी चाहिए, न कि कोर्ट के प्रशासनिक कार्यों में हस्तक्षेप करना चाहिए।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में तहसीलदार, एसडीएम और जिलाधिकारी को कई बार लिखित शिकायत भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।
अधिवक्ताओं ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि एसडीएम कोर्ट से प्राइवेट पेशकार को तत्काल हटाया जाए और कोर्ट के कार्यों को नियमानुसार सरकारी कर्मचारियों से ही कराया जाए।
रिपोर्टर : जगन्नाथ मिश्र
No Previous Comments found.