गले मिलकर दी ईद की मुबारकबाद, दोस्तपुर में दिखा भाईचारे का अनोखा रंग
दोस्तपुर (सुल्तानपुर) : ईद-उल-फितर का पावन पर्व क्षेत्र में हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईद को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। नए-नए परिधान पहनकर मुस्लिम समाज के लोग ईदगाह पहुंचे, जहां सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की गई।
नमाज से पूर्व इमाम साहब ने तकरीर करते हुए रोजे के महत्व, इंसानियत, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं। इस दौरान ईदगाह परिसर में भाईचारे और प्रेम का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
ईदगाह पर विशेष साफ-सफाई और सजावट की गई थी। नमाज के बाद छोटे-छोटे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जहां बच्चों को मिठाइयां, सेवइयां और फल वितरित किए गए। कई सामाजिक संगठनों द्वारा शरबत और जलपान की व्यवस्था की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।
घर-घर में ईद के अवसर पर स्वादिष्ट पकवान बनाए गए, जिनमें सेवइयां, शीर खुरमा, बिरयानी और विभिन्न प्रकार की मिठाइयां शामिल रहीं। लोग एक-दूसरे के घर जाकर ईद की बधाई देते नजर आए, वहीं बच्चों में ईदी पाने का विशेष उत्साह देखने को मिला।
पूरा क्षेत्र गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बन गया, जहां सभी समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे के पर्व में शामिल होकर प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया।
सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। थाना प्रभारी अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। उनके साथ उप निरीक्षक अनूप सिंह एवं उप निरीक्षक सियाराम सिंह सहित पुलिस टीम मुस्तैद रही। यह व्यवस्था पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देश पर की गई, जिससे ईद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर नगर पंचायत प्रतिनिधि रमेश सोनकर, बबलू खान, उद्योग व्यापार मंडल नगर
अध्यक्ष
दिनेश सिंह अग्निवंशी अजय शुक्ला, गुलाम नबी, व्यापार मंडल के अजय सोनी, अतहर अंसारी, फिरोज मसीहा, बबलू नाई, गुलजार, पारस सोनकर, जीशान खान, अशोक मिश्रा, रमाशंकर पाठक, कादीपुर के पूर्व विधायक भागेलुराम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त हारून राईन, इलियास अहमद, फिरोज घौसी, नाजिम राईन, बब्बू खान, नाजिम अहमद, शकील अहमद, गुड्डू, कलीम, सलीम समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग शामिल हुए।
वहीं ग्राम रसुलपुर दियरा, थाना बेवाना, तहसील अकबरपुर (जनपद अंबेडकर नगर) से आए हाजी अब्बास खान, मुन्नू खान, फैयाज खान, अकरम खान की भी विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने ईद की खुशियों में शामिल होकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
वहीं बेवाना थाना प्रभारी सर्वदमन सिंह भी मौके पर मौजूद रहे और शांति व्यवस्था बनाए रखने में अहम योगदान दिया।
बेवाना मंडल उपाध्यक्ष इजहार खान तथा भारतीय जनता पार्टी अंबेडकर नगर (उत्तर) के जिला उपाध्यक्ष (अल्पसंख्यक मोर्चा) एवं जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी अकबरपुर चतुर्थ आकिब खान मस्रूफ का भी विशेष सहयोग रहा
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.