सुल्तानपुर में योगी सरकार के 9 वर्ष पूरे, विकास के साथ सियासी बयानबाजी भी तेज
सुल्तानपुर - प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद सुल्तानपुर में पंडित रामनरेश त्रिपाठी सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम “संकल्प से सिद्धि, सुरक्षा, सुशासन व समृद्धि” की थीम पर आयोजित हुआ,जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार के 11 वर्ष और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म प्रस्तुत की गई, जिसमें विकास कार्यों की झलक दिखाई गई। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं ओम प्रकाश राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ मंच पर एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह,शहर विधायक विनोद सिंह, राज प्रसाद उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल,ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश चंद्र मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित करते हुए प्रदेश में हुए विकास कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा पेश किया। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई सामाजिक न्याय का प्रतीक है। मंत्री ने बताया कि एक्सप्रेस-वे निर्माण में उत्तर प्रदेश ने रिकॉर्ड बनाया है। करीब नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देकर उनके भविष्य को संवारने का काम किया गया है, जबकि पांच लाख से अधिक युवाओं को ऋण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए गए हैं।
सियासी बयानबाजी भी रही चर्चा में कार्यक्रम के दौरान ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा, भाजपा की “बी टीम” की तरह काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की पार्टी मध्य प्रदेश में भाजपा को जिताने गई थी। राजभर ने कहा कि सपा नेता दिन में भाजपा का विरोध करते हैं, लेकिन रात में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर समर्थन की बात करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने मथुरा की घटना को लेकर स्पष्ट किया कि यह हत्या नहीं बल्कि सड़क दुर्घटना का मामला था, और विपक्ष बेवजह अफवाह फैला रहा है। वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस की विरोधी रही हैं और विपक्ष केवल सरकार की योजनाओं की समीक्षा के नाम पर राजनीति कर रहा है। कार्यक्रम में जिले और नगर के विकास कार्यों की सराहना करते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा कराए गए कार्यों को सरकार की उपलब्धियों का प्रतीक बताया गया। कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र तिवारी ने किया, जबकि विभिन्न विभागों द्वारा विकास योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.