स्मार्ट मीटर को लेकर ठगी का आरोप, उपभोक्ताओं में आक्रोश

सुल्तानपुर : जनपद में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में भारी असंतोष देखने को मिल रहा है। बिजली उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर के नाम पर मनमाने तरीके से बिजली बिल भेजे जा रहे हैं और समय पर बिल अपडेट भी नहीं हो रहे, जिससे आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं समस्याओं को लेकर नगरपालिका के पूर्व प्रत्याशी वरुण मिश्र और अधिवक्ता व आरटीआई एक्टिविस्ट राघवेंद्र सिंह ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की मांग की।

वरुण मिश्र ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता को ठगने का काम किया जा रहा है। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “नाम भले ही स्मार्ट मीटर हो, लेकिन इसका काम लोगों को परेशान करना है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्मार्ट मीटर का बहिष्कार करें और इसे न लगवाएं।
वहीं, राघवेंद्र सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटर में कई तकनीकी खामियां हैं और उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा, “अधिकारी मस्त हैं और जनता त्रस्त है, लेकिन यह स्थिति ज्यादा दिन नहीं चलेगी।”
इस दौरान अख्तर राइन, धर्मात्मा सिंह, हिमांशु मिश्रा, प्रभाशंकर पाण्डेय, गौरव सिंह, संतोष तिवारी और आकाश शुक्ल सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.