अखंडनगर–कल्याणपुर प्रकरण में घमासान, MLC का पत्र और राणा अजीत सिंह का बड़ा आरोप

सुल्तानपुर :  जनपद के अखंडनगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव से जुड़े विवाद ने अब बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। भाजपा के स्नातक क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है और उन्हें फर्जी मुठभेड़ में फंसाने की आशंका है।
यह पूरा मामला अखंडनगर के कल्याणपुर गांव में हुए जमीनी विवाद और मारपीट से जुड़ा है, जिसमें पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री राणा अजीत सिंह, उनके बेटे, भतीजे सहित कई अन्य लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राणा अजीत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जेल जाते समय राणा अजीत सिंह ने मीडिया के सामने बड़ा बयान देते हुए सीधे तौर पर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय का नाम लिया और कहा—
“हमें आप फंसा रहे हो।”
इस बयान के सामने आने के बाद मामला और अधिक राजनीतिक तूल पकड़ गया है।
MLC देवेंद्र प्रताप सिंह ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि 15 मार्च 2026 को अखंडनगर थाने में कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी और आरोपितों को साजिशन फंसाया गया है, जबकि घटना के समय वे मौके पर मौजूद नहीं थे। इसके समर्थन में CCTV फुटेज न्यायालय में पेश किए जाने की बात कही गई है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस द्वारा 9 नामजद लोगों के अलावा 12 अन्य व्यक्तियों पर मात्र 9 दिनों के भीतर ₹25,000 का इनाम घोषित कर दिया गया, जो जल्दबाजी और संदिग्ध निर्णय प्रतीत होता है। सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि फर्जी मुठभेड़ कानूनन अपराध है।
MLC ने मुख्य न्यायाधीश से मांग की है कि इस मामले को जनहित याचिका (PIL) के रूप में स्वीकार किया जाए, इसकी जांच किसी अन्य एजेंसी से कराई जाए, आरोपितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और पुलिस द्वारा घोषित इनाम व कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सुल्तानपुर पुलिस सत्ता के दबाव में कार्य कर रही है, जिससे निर्दोष लोगों के जीवन और स्वतंत्रता पर खतरा उत्पन्न हो गया है।
देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वह इस मुद्दे को योगी आदित्यनाथ के संज्ञान में भी लाएंगे और निष्पक्ष जांच के लिए लड़ाई जारी रखेंगे

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.