कादीपुर विधायक राजेश गौतम के नेतृत्व में दोस्तपुर में 19 विकास कार्यों का लोकार्पण

 सुल्तानपुर :  मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं मा० नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा की प्रेरणा से नगर पंचायत दोस्तपुर में विकास कार्यों के लोकार्पण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कादीपुर विधायक राजेश गौतम के नेतृत्व में कुल 19 विकास कार्यों का विधिवत फीता काटकर लोकार्पण किया गया।

इन कार्यों में 15वें वित्त आयोग, पंचम राज्य वित्त आयोग एवं वंदन योजना के अंतर्गत कराए गए विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं। सड़कों का निर्माण, नालियों का सुदृढ़ीकरण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से नगर क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत प्रतिनिधि रमेश सोनकर ने जानकारी देते हुए बताया कि लोकार्पित कार्यों में विशेष रूप से इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण, बारात घर का निर्माण/सुधारीकरण एवं अन्य जनोपयोगी कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से नगर क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। स्थानीय लोगों में इसको लेकर असंतोष भी देखने को मिला। इस पर संज्ञान लेते हुए विधायक राजेश गौतम ने स्पष्ट कहा कि प्रशासनिक कार्यों में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित ईओ की जल्द उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी तथा व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निरंतर आगे बढ़ रही है और “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के साथ जनकल्याण के कार्यों को गति दी जा रही है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला देवी, प्रतिनिधि रमेश सोनकर, अखिलेश शुक्ला, आशुतोष सिंह, नव निर्वाचित सभासद अजय सोनी, बाल मुकुंद मौर्य, रवि पाठक, पूर्व सभासद राजेश तिवारी, उद्योग व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष दिनेश सिंह अग्निवंशी, आर.पी. गौतम, लल्लन, अरविंद त्रिपाठी, प्रदीप दुबे, अंकुर पाठक, पारस सोनकर सहित नगर पंचायत के कर्मचारी, सफाई कर्मी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.