दोस्तपुर में सघन वाहन जांच अभियान, 10 चालकों के कटे चालान

दोस्तपुर, सुल्तानपुर : सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशों के बाद दोस्तपुर पुलिस पूरी तरह सक्रिय नजर आई। कस्बे के मुख्य चौराहे पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह ने किया। उनके साथ उपनिरीक्षक अनूप सिंह, सिपाही मोहित सिंह, सिपाही आनंद प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की और नियमों का पालन न करने वालों को मौके पर ही रोका।
जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे 10 चालकों के चालान काटे गए। चेकिंग के दौरान कई वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई, जिससे कुछ लोग रास्ता बदलते और कुछ तुरंत हेलमेट पहनते नजर आए।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह ने स्वयं वाहन चालकों को रोककर जागरूक किया। उन्होंने कहा,
“हेलमेट आपकी शान के लिए नहीं, आपकी जान के लिए है। एक छोटी सी लापरवाही आपके परिवार को गहरे संकट में डाल सकती है। सुरक्षित यात्रा करें और हेलमेट जरूर पहनें।”
उन्होंने आगे बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा आईएसआई प्रमाणित हेलमेट का उपयोग करें, उसकी पट्टी ठीक से बांधें, तेज गति से बचें और सभी यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान राजस्व वसूली के लिए नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। आने वाले समय में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े।

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.