सफेद हाथी बनी ‘हर घर जल योजना’, भेलारा गांव में पानी को तरस रही जनता सुल्तानपुर
सुल्तानपुर : जनपद के ब्लॉक अखंडनगर अंतर्गत ग्राम सभा भेलारा में सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर जल योजना’ जमीनी हकीकत में दम तोड़ती नजर आ रही है। करीब 5 हजार की आबादी वाले इस गांव के लगभग 300 घरों में विभाग द्वारा पानी की टोटी तो लगाई गई, जिससे ग्रामीणों में शुद्ध पेयजल मिलने की उम्मीद जगी थी।
लेकिन समय बीतने के साथ यह उम्मीद निराशा में बदल गई। सालों बाद भी अधिकांश घरों में टोटियां सूखी पड़ी हैं और पानी की एक बूंद तक नहीं पहुंच रही। गर्मी का मौसम शुरू होते ही समस्या और गंभीर हो गई है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि योजना पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई लाभ नहीं मिला। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या की अनदेखी कर रहे हैं।
ऐसे में ‘हर घर जल योजना’ भेलारा गांव में केवल कागजों तक सीमित रह गई है और ग्रामीणों के लिए “सफेद हाथी” साबित हो रही है। अब लोग प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि उन्हें बुनियादी सुविधा के रूप में शुद्ध पेयजल मिल सके।
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.