सुल्तानपुर में यातायात व्यवस्था सुधार को लेकर एसपी चारु निगम सक्रिय, पुलिस लाइन में हुई अहम बैठक

सुल्तानपुर :  नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चारु निगम पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद के पुलिस अधिकारियों और जिला सुरक्षा संगठन के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला सुरक्षा संगठन के जिला अध्यक्ष एवं सुप्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजीव श्रीवास्तव और सचिव इलियास अहमद ने पुलिस अधीक्षक का बुके देकर स्वागत किया। इस बैठक में संगठन के सैकड़ों सदस्यों ने भाग लेकर यातायात व्यवस्था सुधार को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में शहर की प्रमुख समस्याओं जैसे जाम, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और ट्रैफिक नियमों के पालन में लापरवाही पर विस्तार से चर्चा हुई। खास तौर पर यह मुद्दा उठाया गया कि नगर के कई मॉल्स में बनी पार्किंग को मालिकों द्वारा बेच दिए जाने के कारण लोग सड़क पर वाहन खड़े करने को मजबूर हैं, जिससे जाम की स्थिति और बिगड़ रही है।
सुझाव दिया गया कि व्यस्त बाजारों और प्रमुख चौराहों पर नियमित रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए और जनजागरूकता अभियान चलाकर आम नागरिकों को नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि जल्द ही प्रभावी कार्ययोजना बनाकर यातायात व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में आमजन का सहयोग बेहद आवश्यक है और पुलिस प्रशासन हर संभव प्रयास करेगा।
बैठक को अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर और यातायात निरीक्षक ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला सुरक्षा संगठन के संस्थापक पदाधिकारी बलदेव सिंह, कमलनयन पांडे, आशीष अग्रवाल, अजीत सहित सभी वार्डों के अध्यक्ष एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.