निजी स्कूलों की ‘लूट’ पर कांग्रेस का हल्ला बोल, कलेक्ट्रेट में धरना—BSA व DIOS को बुलाने की मांग पर अड़े कार्यकर्ता
सुल्तानपुर : जनपद में निजी विद्यालयों की मनमानी और अभिभावकों के कथित आर्थिक व मानसिक शोषण के मुद्दे पर राजनीति तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने इस मुद्दे को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। तय कार्यक्रम के अनुसार 9 अप्रैल को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में सड़क पर बैठकर जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
धरने का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि निजी स्कूलों ने शिक्षा को पूरी तरह व्यवसाय बना दिया है। एडमिशन फीस, रजिस्ट्रेशन, किताब-कॉपी और ड्रेस के नाम पर अभिभावकों से मनमानी वसूली की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब प्रशासन की मिलीभगत से हो रहा है और जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि इस “लूट” पर तत्काल रोक नहीं लगी तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने साफ कहा कि यह आंदोलन सिर्फ शुरुआत है, जरूरत पड़ी तो इसे और व्यापक बनाया जाएगा।
युवा छात्र नेता मानस तिवारी ने भी प्रदर्शन में शामिल होते हुए कहा कि अब अभिभावकों का गुस्सा चरम पर है और कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। उन्होंने इसे हर परिवार के भविष्य और सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता BSA (बेसिक शिक्षा अधिकारी) और DIOS (जिला विद्यालय निरीक्षक) को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी आकर जवाब नहीं देंगे, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने बताया कि आंदोलन की पूर्व सूचना जिलाधिकारी को दे दी गई थी और प्रदर्शन के बाद उन्हें ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो यह आंदोलन जनआक्रोश का रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.