हाइवे से गली-कूचों तक अपराध बेलगाम: व्यापारी से लूट, ड्राइवर हत्याकांड से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल
सुलतानपुर : जनपद में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। गांव-देहात, गली-कूचों और मोहल्लों के साथ-साथ अब हाइवे भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। ताजा मामला गुरुवार शाम अयोध्या-प्रयागराज हाइवे का है, जहां एक किराना व्यापारी से पिस्टल सटाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना ने पुलिस की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और आमजन में भय का माहौल पैदा कर दिया है। गौरतलब है कि इससे महज छह दिन पहले लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर एक ट्रक ड्राइवर की हत्या कर दी गई थी, जिसकी गूंज अभी थमी भी नहीं थी। जनपद की पुलिस अधीक्षक चारू निगम की सख्त कार्यशैली के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने उनकी कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। बुधवार रात एसपी चारू निगम ने अपराध नियंत्रण को लेकर जनपद के सभी थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों के साथ लंबी बैठक कर कड़े निर्देश दिए थे। लेकिन विडंबना यह रही कि बैठक के 24 घंटे के भीतर ही बदमाशों ने सरेशाम व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी।
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले कार्यभार संभालते ही बस स्टेशन के पास रोडवेज परिचालक से लूट की घटना सामने आई थी, वहीं एसपी कार्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित वैद्यनाथ एजेंसी में चोरी की वारदात ने भी पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। हालांकि इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन लगातार हो रही वारदातें यह संकेत दे रही हैं कि अपराधियों में पुलिस का भय कम होता जा रहा है।
फिलहाल ताजा लूट की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इन घटनाओं पर कितनी जल्दी नियंत्रण पा पाती है
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी


No Previous Comments found.