बरसावां में श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन गूंजी श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, भक्ति में डूबे श्रद्धालु

सुल्तानपुर : सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय तहसील क्षेत्र अंतर्गत बरसावां गांव में मुख्य यजमान सरस्वती शुक्ला एवं राम मनोरथ शुक्ल के निज आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक बाल लीलाओं का रसपूर्ण वर्णन किया गया। कथा श्रवण कर उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव में तल्लीन हो गए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कथावाचक श्याम सारथी जी महाराज ने अपने प्रवचन में बालिकाओं के महत्व को विशेष रूप से रेखांकित करते हुए कहा कि पुत्र जहां एक कुल का उद्धार करता है, वहीं पुत्री दो कुलों को तारने का सामर्थ्य रखती है। उन्होंने कहा कि बेटियां सृष्टि की आधारशिला हैं, इसलिए उन्हें शिक्षित, संस्कारित और सुरक्षित रखना समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

महाराज जी ने आगे बताया कि कलयुग में भगवान के नाम का स्मरण ही सबसे सरल और प्रभावी साधन है, जिससे मनुष्य को मोक्ष की प्राप्ति हो सकती है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से भगवान का नाम जपने से व्यक्ति का जीवन सफल और कल्याणकारी बनता है।
कार्यक्रम के अंत में भगवान की मंगल आरती की गई तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर प्रियंका पांडेय, नीशा शुक्ला, माया पांडे, नीलम पांडे, कुलदीप शुक्ल, दरोगा तिवारी, शिवाकांत शुक्ल, उमाकांत, प्रदीप कुमार, आशुतोष, इशांत, दिव्यांश, निशांत, अंश सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। मुख्य यजमान व संतोष शुक्ल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर : जगन्नाथ मिश्र

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.