गेहूं खरीद संकट पर कांग्रेस का हल्ला बोल, डीएम को सौंपा ज्ञापन—आंदोलन की चेतावनी

सुलतानपुर :  जनपद में गेहूं खरीद केंद्रों की अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में बताया गया कि शासन द्वारा निर्धारित 2585 रुपये प्रति कुंतल समर्थन मूल्य के बावजूद जिले में अधिकांश गेहूं क्रय केंद्र प्रभावी रूप से संचालित नहीं हो रहे हैं। कई केंद्रों पर किसानों का गेहूं नहीं खरीदा जा रहा, जिससे वे मजबूर होकर बिचौलियों को कम दाम पर फसल बेच रहे हैं।
जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यह स्थिति अधिकारियों और बिचौलियों की मिलीभगत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विपणन विभाग की निष्क्रियता से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने प्रशासन के सामने प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि 20 अप्रैल तक सभी गेहूं क्रय केंद्र चालू किए जाएं, प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त बोरे उपलब्ध हों, समर्थन मूल्य पर ही खरीद सुनिश्चित की जाए, खरीद प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जाए और किसानों को तत्काल भुगतान किया जाए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो पार्टी कार्यकर्ताओं और किसानों के साथ मिलकर जिला प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि सरकार को किसानों की याद केवल चुनाव के समय आती है और प्रशासन किसानों की समस्याओं के प्रति उदासीन बना हुआ है।
इस दौरान शहर अध्यक्ष शकील अंसारी, जिला उपाध्यक्ष अपरबल सिंह, आरटीआई जिला चेयरमैन मो. अनवर, जिला सचिव देवेंद्र तिवारी, देवेंद्र श्रीवास्तव, शिवपूजन सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.