पूर्वांचल एक्सप्रेसवे सर्विस रोड पर दर्दनाक हादसा
दोस्तपुर ,सुलतानपुर :
थाना दोस्तपुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिया के पास सड़क पर बने जंपिंग (उभार) के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे गिरकर एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गिरने के दौरान महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जो उनकी मौत का कारण बनी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतका की पहचान नाजरीन (पत्नी आफताब), निवासी सैलखा, थाना दोस्तपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नाजरीन अपने ससुराल अकबरपुर से सैलखा लौट रही थीं। खालिसपुर दुर्गा गांव के पास पुलिया के निकट सर्विस रोड पर अचानक जंपिंग आने से बाइक उछल गई और संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ीं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह के निर्देश पर उप निरीक्षक अनूप सिंह तत्काल पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर क्षेत्रीय अधिकारी विनय कुमार गौतम भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दर्दनाक हादसे से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है। नाजरीन अपने पीछे तीन छोटे बच्चों — नुरेन फातिमा (15 वर्ष), कनिश फातिमा (13 वर्ष) और अयाज (10 वर्ष) — को छोड़ गई हैं।
गांव में हादसे की खबर फैलते ही मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.