जनसुनवाई में लापरवाही पर गोसाईगंज थाना प्रभारी पर गिरी गाज

सुलतानपुर :  जनसुनवाई मामलों में लापरवाही के चलते गोसाईगंज थाना प्रभारी श्याम सुंदर को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक चारु निगम की इस सख्त कार्रवाई से पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों-कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश मिल गया है कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में अब किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनसुनवाई से जुड़े मामलों में अपेक्षित संवेदनशीलता और समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने यह कठोर कदम उठाया। इससे पहले भी इसी थाने पर तैनात रहे थाना प्रभारी राम आशीष उपाध्याय को इसी तरह की लापरवाही के चलते लाइन हाजिर किया जा चुका है, जिससे साफ है कि विभाग में अनुशासन को लेकर लगातार सख्ती बरती जा रही है।
इसी बीच, गोसाईगंज पुलिस ने हाल ही में लकड़ी चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा भी किया था। पुलिस ने 4 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से यूकेलिप्टस (सफेदा) के 43 बोटे और एक वाहन बरामद कर सीज किया। यह गिरोह 20 अप्रैल को खेत से पेड़ काटकर चोरी करने की घटना में शामिल था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया था। इस कार्रवाई को क्षेत्र में सराहना मिली, लेकिन थाना प्रभारी पर हुई कार्रवाई ने पूरे घटनाक्रम को और चर्चा में ला दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक चारु निगम स्वयं जनसुनवाई से जुड़े मामलों की समीक्षा कर रही हैं और जहां भी लापरवाही या देरी पाई जा रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। इसे विभाग में एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य न करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल गोसाईगंज थाने के नए प्रभारी की नियुक्ति को लेकर मंथन जारी है। संभावना है कि जल्द ही किसी अनुभवी निरीक्षक को यहां की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.