ब्राहिमपुर में बजरंगबली महाराज की प्राण प्रतिष्ठा, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

सुल्तानपुर : तहसील क्षेत्र बल्दीराय के ब्राहिमपुर ग्राम सभा में पूर्व प्रधान हौसला सिंह द्वारा नव निर्मित बजरंगबली महाराज मंदिर में प्राण प्रतिष्ठोत्सव का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर यज्ञ आचार्य बजरंगी पांडे (परमहंस आश्रम, टीकरमाफी, अमेठी) के निर्देशन एवं उनके सहयोगी श्री सतीश मिश्रा के कुशल नेतृत्व में धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुआ।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत आज भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसकी शुरुआत ब्राहिमपुर स्थित मंदिर से हुई। शोभायात्रा वलीपुर होते हुए बाबा जंगलीनाथ धाम पहुंची और वहां से आगे बढ़कर नर्मदेश्वर धाम तक गई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामवासी, मित्रगण एवं श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा में जयकारों और भजनों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशासन चौकी इंचार्ज वलीपुर भरत सिंह का सहयोग भी सराहनीय रहा। आयोजन के मुख्य संयोजक डॉ. अर्जुन सिंह ने शोभायात्रा में सम्मिलित सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभरा।

रिपोर्टर : द्वारिका प्रसाद पांडे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.