पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर फिर हादसा, प्राइवेट बस पलटी; 22 घायल

सुलतानपुर - पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आए दिन हो रही दुर्घटनाओं के बीच सोमवार सुबह एक और बड़ा हादसा सामने आया। लुधियाना से आ रही प्राइवेट बस संख्या UP22AT 7227 सुबह करीब 6 बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 108 पर अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 22 लोग घायल हो गए, जिनमें एक 5 वर्षीय बच्ची समेत कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। पुलिस, एंबुलेंस और राहत टीमों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी कुरेभार भेजा, जबकि गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर रेफर किया गया। प्रशासन ने बस में सवार अन्य यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रोडवेज बस संख्या UP78FT 8719 को घटनास्थल भेजा, जिससे यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक रवाना किया गया। यात्रियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी प्रशासन की ओर से कराई गई। जिलाधिकारी ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य पूरी मुस्तैदी के साथ संचालित किया गया और सभी घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। वहीं पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। गौरतलब है कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। इस ताजा हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया

संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.