प्रीति भोज की खुशियां मातम में बदलीं, अधेड़ की मौत से गांव में शोक
सुलतानपुर- चांदा कोतवाली क्षेत्र के सराय जुझार गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब घर के मुखिया ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शीतला प्रसाद उर्फ नन्हकऊ यादव (लगभग 55 वर्ष) के घर बच्ची की बरही और प्रीति भोज का कार्यक्रम आयोजित था। श्रीरामचरितमानस पाठ के बाद शाम को प्रीति भोज संपन्न हुआ, जबकि रात में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम चल रहा था।
बताया जा रहा है कि शीतला यादव घर में चल रहे आर्केस्ट्रा से नाराज थे। परिजनों के अनुसार, रात में वे एक रिश्तेदार के पास लेटे हुए थे। देर रात उठकर उन्होंने कहा कि वे शौच या पेशाब के लिए जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटे।
सुबह जब परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, तो घर से करीब 100 मीटर दूर एक आम के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे उनका शव लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना तत्काल चांदा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक के चार बेटे हैं और वे खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
अचानक हुई इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
संवाददाता वाजिद हुसैन

No Previous Comments found.