लंभुआ के ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित सौंपा ज्ञापन,कार्यकाल बढ़ाने की मांग
सुल्तानपुर : विकास खण्ड लंभुआ के समस्त ग्राम प्रधानों ने सोमवार को बैठक कर प्रधान संघ अध्यक्ष कैलाश चंद्र दूबे के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडियो पंचायत प्रदीप यादव को सौंपा। ज्ञापन में ग्राम प्रधानों द्वारा कार्यकाल विस्तार करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि 26 मई 2026 को वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। प्रधानों ने आशंका जताई है कि पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर न होकर लगभग एक वर्ष आगे बढ़ सकते हैं। ऐसी स्थिति में ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त करने के बजाय वर्तमान प्रधानों का ही कार्यकाल आगे बढ़ाया जाए।
प्रधानों का तर्क है कि पूर्व में प्रशासकीय व्यवस्था अपेक्षाकृत कम प्रभावी रही है और भ्रष्टाचार की शिकायतें भी सामने आई हैं। जबकि निर्वाचित प्रधान अपने गांव के प्रति अधिक जवाबदेह एवं प्रतिबद्ध रहते हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए जनप्रतिनिधि ग्राम पंचायतों के विकास एवं समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं तथा उन्हें कार्य करने का अनुभव भी है। जनहित एवं सुचारु विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए कार्यकाल बढ़ाना अधिक उचित होगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान माधवी सिंह, प्रधान प्रतिनिधि देवी सिंह, गंगादेई, प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल, प्रधान शाहिद अली, मोहम्मद इसराइल, अनुराधा सिंह, संजय मिश्रा, रीता देवी निषाद, संगीतादेवी,प्रीति,रेखा यादव,संजू यादव,मधुनिशा वर्मा,उमेश तिवारी,प्रसून मालवीय,केदारनाथ सिंह, कदम लाल समेत कई ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
संवाददाता : वाजिद हुसैन

No Previous Comments found.