महाराणा प्रताप की प्रतिमा हटाने पर कांग्रेस का विरोध

सुलतानपुर - कादीपुर-अवधनगर बाईपास स्थित चीनीमिल चौराहे पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा हटाए जाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी सुलतानपुर ने इस कार्रवाई को जनभावनाओं और क्षत्रिय समाज के सम्मान के खिलाफ बताते हुए जिला प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह ‘राणा’ के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रतिमा को पुनः उसी स्थान पर स्थापित किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि महाराणा प्रताप त्याग,शौर्य,संघर्ष और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा अखिल भारतीय क्षत्रिय कल्याण परिषद एवं क्षेत्र के सम्मानित लोगों द्वारा चीनीमिल चौराहे पर स्थापित कराई गई थी, जिसका अनावरण 9 मई को प्रस्तावित था। आरोप लगाया गया कि जिला प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना के रात में चबूतरा तोड़कर प्रतिमा को वहां से हटवा दिया और उसे नगर पालिका कार्यालय के पास नाले के किनारे रखवा दिया।

कांग्रेस नेताओं ने इस पूरे घटनाक्रम को क्षत्रिय समाज की भावनाओं को आहत करने वाला बताया। ज्ञापन में कहा गया कि एक ओर सरकार राष्ट्रवाद और देशभक्ति की बातें करती है, वहीं दूसरी ओर महापुरुषों के सम्मान को लगातार ठेस पहुंचाई जा रही है। पार्टी ने मांग की है कि प्रतिमा को तत्काल उसी स्थान पर सम्मानपूर्वक पुनः स्थापित किया जाए तथा बिना सूचना कार्रवाई करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 9 मई महाराणा प्रताप जयंती से पहले प्रतिमा पुनः स्थापित नहीं की गई तो पार्टी शासन-प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला

संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.