अपराध पर सख्त हुई पुलिस, एसपी ने दिए कड़े निर्देश

सुल्तानपुर : पुलिस लाइन्स स्थित सभागार में जनपद की अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे। गोष्ठी के दौरान कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, लंबित मामलों के निस्तारण तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने ITSSO पोर्टल पर लंबित अपराधों एवं 60/90 दिनों से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए सभी विवेचकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही इनामी अपराधियों, गैंगेस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्तों तथा जघन्य अपराधों में फरार चल रहे आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।
संपत्ति संबंधी अपराधों की समीक्षा करते हुए पिछले 10 वर्षों से जुड़े अपराधियों का सत्यापन कराने तथा उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की स्थिति जांचने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल अपराधों को लेकर भी पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता दिखाई और यौन अपराधों में साक्ष्य संग्रह की प्रक्रिया को मजबूत करने तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने पर जोर दिया।
आगामी महाराणा प्रताप जयंती एवं बकरीद (ईद-उल-जुहा) पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में जनपद के थानों एवं कार्यालयों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
गोष्ठी से पूर्व आयोजित सैनिक सम्मेलन में पुलिस कर्मियों की समस्याएं भी सुनी गईं। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी

रिपोर्टर  : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.