बृज नारायण सिंह के निर्देशन में सर्विलांस सेल की बड़ी कामयाबी, 20 लाख के 121 गुमशुदा मोबाइल बरामद

सुल्तानपुर : चारू निगम पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर के निर्देशन में जनपद की सर्विलांस सेल टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 20 लाख रुपये कीमत के 121 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। इस कार्रवाई से मोबाइल खो चुके लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई। पुलिस विभाग की इस उपलब्धि की आमजन द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी नोडल के कुशल पर्यवेक्षण तथा प्रभारी सर्विलांस सेल/एसओजी उ0नि0 शिवानंद यादव के नेतृत्व में संपन्न हुई। सर्विलांस टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी और मोबाइल ट्रैकिंग के माध्यम से अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, गुम हुए मोबाइल फोन के संबंध में शिकायतकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय अथवा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराते हैं। इन शिकायतों पर सर्विलांस सेल लगातार मॉनीटरिंग करती है। इसी क्रम में विभिन्न आवेदकों के कुल 121 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शनिवार 10 मई 2026 को सभी मोबाइल संबंधित स्वामियों को वापस किए गए।
बरामद मोबाइल फोन में वीवो कंपनी के 33, रियलमी के 20, सैमसंग के 17, रेडमी के 14, ओप्पो के 13, इनफिनिक्स के 7, पोको के 7, वन प्लस के 5, मोटोरोला के 3 तथा टेक्नो कंपनी के 2 मोबाइल शामिल हैं।
जनपद के कई थाना क्षेत्रों के लोगों को उनके मोबाइल वापस मिलने पर खुशी का माहौल देखने को मिला। दोस्तपुर कस्बे के पत्रकार श्याम जी त्रिपाठी उर्फ रामजाने पत्रकार का गुम हुआ मोबाइल भी सर्विलांस टीम ने बरामद कर लिया, जिसे उनके साथी पत्रकार रविंद्र नाथ मिश्र को पुलिस द्वारा सुपुर्द किया गया।
मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने सुलतानपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की सक्रियता और तकनीकी टीम की मेहनत से उनका कीमती मोबाइल वापस मिल सका। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल दोबारा मिल पाएगा, लेकिन सर्विलांस सेल की मेहनत से यह संभव हो सका।
पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल गुम या चोरी हो जाए तो तुरंत भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल ब्लॉक कराएं। साथ ही मोबाइल की रसीद और पहचान पत्र के साथ स्थानीय थाने में जानकारी दें। इससे मोबाइल के दुरुपयोग पर रोक लग सकेगी और तकनीकी सहायता से उसकी शीघ्र बरामदगी संभव हो सकेगी।
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी सर्विलांस सेल उ0नि0 शिवानंद यादव, हे0का0 अनुराग सिंह, का0 अभिषेक यादव, का0 शैलेन्द्र कुमार, का0 ललित सिंह, का0 प्रदीप दुबे, का0 ऋत्विक दीक्षित एवं का0 शैलेष राजभर की महत्वपूर्ण भूमिका रही

संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.