सदर विधानसभा में महिला जन आक्रोश धरना-प्रदर्शन, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने विपक्ष पर बोला बड़ा हमला
सुल्तानपुर : विधानसभा 189 सदर क्षेत्र में आज महिला जन आक्रोश धरना-प्रदर्शन का भव्य आयोजन किया गया। विपक्षी सांसद के विरोध में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की भारी संख्या में मातृशक्तियों ने पहुंचकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। महिलाओं ने एकजुट होकर सरकार की योजनाओं के समर्थन में आवाज बुलंद की तथा विपक्ष के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म दिखाई दिया और महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय उर्फ राज बाबू मौजूद रहे। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है।
विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के पास अब जनता के बीच जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने और समाज को गुमराह करने का कार्य कर रहा है, लेकिन प्रदेश की जनता अब पूरी तरह जागरूक हो चुकी है। विधायक ने कहा कि मातृशक्ति का यह जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि महिलाएं भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यों से संतुष्ट हैं।
उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पहले से मजबूत हुई है और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है तथा हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और संगठन के समर्थन में अपनी एकजुटता दिखाई। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद महिलाओं ने कहा कि वह समाज और राष्ट्रहित के मुद्दों पर हमेशा एकजुट रहकर अपनी भागीदारी निभाती रहेंगी। पूरे कार्यक्रम के दौरान मातृशक्तियों में जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिला।
इस अवसर पर कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं जिलामंत्री विजय त्रिपाठी, प्रीति प्रकाश, विधानसभा संयोजक रचना अग्रवाल, महिला मोर्चा जिला महामंत्री रेनू तिवारी, महिला आयोग सदस्य सुमन सिंह, भाजपा नेत्री रेनू सिंह तथा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष रीता अग्रहरि सहित विधानसभा क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने सभी मातृशक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं की यह एकजुटता संगठन को और अधिक मजबूत करने का कार्य करेगी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी


No Previous Comments found.