लखनऊ आवास पर प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि, सुल्तानपुर दोस्तपुर के समाजवादी समर्थकों में शोक

सुल्तानपुर : समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के निधन की खबर से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार 13 मई 2026 को जैसे ही यह दुखद सूचना सामने आई, राजनीतिक और सामाजिक जगत में गहरा दुःख देखने को मिला। सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर क्षेत्र में भी समाजवादी समर्थकों और स्थानीय लोगों ने शोक व्यक्त किया।
लखनऊ स्थित आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में नगर पंचायत प्रतिनिधि रमेश सोनकर पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत प्रतीक यादव को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव ज्ञान प्रकाश मिश्रा भी पारस सोनकर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्रतीक यादव का निधन यादव परिवार और समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों के लिए अपूरणीय क्षति है।
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान पूरे माहौल में गम और संवेदना देखने को मिली। समाजवादी समर्थकों ने मुलायम सिंह यादव परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
प्रतीक यादव भले ही राजनीति से दूर रहते थे, लेकिन यादव परिवार का अहम हिस्सा होने के चलते वह हमेशा चर्चाओं में बने रहे। उनकी सादगी और शांत स्वभाव को लेकर लोग अक्सर चर्चा करते थे। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने नम आंखों से श्रद्धासुमन अर्पित किए।
प्रतीक यादव को फिटनेस और आधुनिक जीवनशैली का काफी शौक था। उन्हें जिम करना, शरीर को फिट रखना और लग्जरी गाड़ियों का संग्रह पसंद था। कई बार उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनती थीं। वह निजी जीवन को शांत और सरल तरीके से जीना पसंद करते थे।
उन्होंने कभी सक्रिय राजनीति में कदम नहीं रखा, लेकिन समाजवादी परिवार से जुड़े होने के कारण उनकी पहचान राजनीतिक और सामाजिक दोनों क्षेत्रों में बनी रही। उनकी पत्नी अपर्णा यादव राजनीति में सक्रिय रहीं, जबकि प्रतीक यादव ने हमेशा परिवार और व्यवसाय को प्राथमिकता दी। करीबी लोग उन्हें बेहद विनम्र, सरल और मददगार स्वभाव का व्यक्ति बताते थे।
उनके निधन की खबर के बाद प्रदेशभर में समाजवादी समर्थकों और शुभचिंतकों ने गहरा दुःख व्यक्त किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुल्तानपुर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.