“अनुशासन और बेहतर पुलिसिंग पर सख्त हुईं एसपी चारु निगम,पुलिस लाइन में लिया व्यवस्थाओं का जायजा”
सुल्तानपुर : जनपद सुल्तानपुर में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं अनुशासित बनाने के उद्देश्य से चारु निगम ने शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर पुलिस बल की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
परेड निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित बैरकों, स्टोर रूम और अन्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, रखरखाव और संसाधनों की स्थिति को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिल सके।
इसके साथ ही आपातकालीन सेवा 112 में तैनात कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए बॉडी कैम, इवेंट रिस्पॉन्स सिस्टम और ड्यूटी संचालन की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। एसपी ने कर्मचारियों को हर आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अनुशासित पुलिस बल और मजबूत व्यवस्था से ही जनता का विश्वास कायम रखा जा सकता है तथा अपराध नियंत्रण में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.