अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह बोले-पुलिस पर फायरिंग करने वाला गोकशी का शातिर बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
सुल्तानपुर : थाना अखंडनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और गोकशी के वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक बलेनो कार, अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 18/19 मई की रात करीब 1:15 बजे थाना अखंडनगर पुलिस को सूचना मिली कि गोकशी के मामले में वांछित एक शातिर अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया।
गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में अपना नाम मोहम्मद आसिफ पुत्र मोहम्मद मुजफ्फर निवासी घोषपुर थाना शाहगंज जनपद जौनपुर बताया। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर गोकशी के छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं कुछ दिन पूर्व थाना जयसिंहपुर क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से गोकशी की घटनाओं में प्रयुक्त एक बलेनो कार, 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी अखंडनगर भेजा गया है।
वृजनारायण सिंह ने बताया कि पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले आरोपी को जवाबी कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.