कुड़वार की कमला इंडेन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा

सुल्तानपुर :  जनपद के कुड़वार कस्बे स्थित कमला इंडेन गैस एजेंसी पर मंगलवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। गैस वितरण में भारी अनियमितता, बुकिंग कैंसिल करने और समय से सिलेंडर न मिलने से नाराज सैकड़ों उपभोक्ताओं ने एजेंसी परिसर में धरना-प्रदर्शन करते हुए जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते एजेंसी परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और घंटों तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी द्वारा लगातार मनमानी की जा रही है। लोगों का कहना है कि वे टोल फ्री नंबर पर फोन करके गैस सिलेंडर बुक कराते हैं, लेकिन कुछ दिन बाद उनकी बुकिंग बिना सूचना के कैंसिल कर दी जाती है। जब उपभोक्ता एजेंसी पहुंचकर जानकारी लेते हैं तो उन्हें जवाब दिया जाता है कि “अब 45 दिन बाद आइए।” इस व्यवस्था से खासकर ग्रामीण इलाकों के लोग बेहद परेशान हैं और कई-कई बार एजेंसी के चक्कर काटने को मजबूर हो रहे हैं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी पर पारदर्शिता बिल्कुल नहीं है। सुबह 4 बजे से ही महिलाएं, बुजुर्ग और मजदूर वर्ग के लोग लाइन लगाकर खड़े हो जाते हैं। एजेंसी खुलने से पहले ही लंबी कतार लग जाती है और हजारों की संख्या में लोग गैस लेने पहुंचते हैं। लेकिन घंटों धूप और गर्मी में खड़े रहने के बावजूद दोपहर 2 बजे तक कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पाता। बाद में एजेंसी कर्मचारी यह कहकर लोगों को वापस भेज देते हैं कि “गैस खत्म हो गई है।”
भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़े रहने से महिलाओं और बुजुर्गों की हालत खराब होती नजर आई। कई लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ चुनिंदा लोगों को पीछे से सिलेंडर दे दिए जाते हैं जबकि लाइन में लगे आम उपभोक्ता खाली हाथ लौटने को मजबूर होते हैं। इससे नाराज लोगों ने एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि गैस एजेंसी की इस लापरवाही से घरेलू कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई घरों में चूल्हे ठंडे पड़े हैं और लोगों को मजबूरी में लकड़ी और दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी प्रबंधन शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहा है और लोगों को बार-बार टाल दिया जाता है।
हंगामे और धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत कराया और उनकी शिकायतें सुनीं। काफी देर तक पुलिस और उपभोक्ताओं के बीच बातचीत चलती रही।
उपभोक्ताओं ने प्रशासन और गैस विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस और संबंधित विभागीय अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.