पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर फिर मौत का तांडव: बस, ट्रैक्टर और ट्रक की भीषण भिड़ंत में एक की मौत, सात घायल
सुल्तानपुर : एक बार फिर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार ने कहर बरपाया और सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 77.3 पर बस, ट्रैक्टर और ट्रक के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार से जा रही एक यात्री बस ने पहले सड़क पर चल रहे ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर बस में टक्कर मार दी। तीनों वाहनों की भिड़ंत के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर हड़कंप मच गया।
हादसे में बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से कुमारगंज स्थित सौ शैय्या अस्पताल भिजवाया, जहां सभी घायलों का इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। वहीं दुर्घटना के बाद काफी देर तक एक्सप्रेस-वे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
गौरतलब है कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर लगातार हो रहे हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन हो रहे सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद रफ्तार पर लगाम नहीं लग पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि “पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की यही कहानी बन चुकी है, जहां हर दिन तेज रफ्तार किसी न किसी की जिंदगी छीन रही है।
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.