तहसील परिसर बल्दीराय में शुद्ध पेयजल व्यवस्था बदहाल

 सुल्तानपुर : भीषण गर्मी और शासन द्वारा जारी अलर्ट के बावजूद बल्दीराय तहसील परिसर में आम जनता, अधिवक्ताओं और फरियादियों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। तहसील आने वाले लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शासन द्वारा जल जीवन मिशन के तहत स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है। तहसील परिसर में लगा आर ओ विगत कई माह से खराब पड़ा हैं  इस भीषण गर्मी में लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
अधिवक्ताओं और ग्रामीणों का कहना है कि तेज धूप और उमस भरी गर्मी में क्षेत्र के लोगों को घंटों तहसील परिसर में इंतजार करना पड़ता है, लेकिन पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधा तक उपलब्ध नहीं हो पा रही है। लोगों ने तहसील प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल स्वच्छ पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
वहीं सवाल यह भी उठ रहा है कि जब शासन स्तर से गर्मी को लेकर लगातार निर्देश जारी किए जा रहे हैं, तब भी जिम्मेदार अधिकारी आम जनमानस की बुनियादी समस्याओं के प्रति गंभीर क्यों नहीं हैं।

रिपोर्टर : जगन्नाथ मिश्र

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.