भदिला खानीपुर में अधूरे आंगनबाड़ी केंद्र को लेकर बढ़ा विवाद
सुलतानपुर - जनपद के मोतिगरपुर विकास खंड अंतर्गत ग्राम भदिला खानीपुर में पिछले लगभग 10 वर्षों से अधूरा पड़े आंगनबाड़ी केंद्र भवन का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। गांव निवासी एवं संवाददाता दिनेश सिंह अग्निवंशी द्वारा जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) कार्यालय की ओर से प्रस्तुत की गई आख्या पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर संदर्भ संख्या 40017926017935 के माध्यम से गांव में वर्षों से अधूरे पड़े आंगनबाड़ी केंद्र भवन के निर्माण कार्य को पूर्ण कराने तथा निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच की मांग की थी। आरोप है कि शिकायत के निस्तारण में जिला कार्यक्रम अधिकारी सुलतानपुर द्वारा दिनांक 25 मई 2026 को पत्र संख्या 832 के माध्यम से जो आख्या प्रस्तुत की गई, वह पूरी तरह भ्रामक एवं तथ्यहीन है। दिनेश सिंह अग्निवंशी का कहना है कि जांच प्रक्रिया के दौरान न तो बाल विकास परियोजना कार्यालय और न ही जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय की ओर से उनसे कोई आधिकारिक संपर्क किया गया। उनका पक्ष जाने बिना ही रिपोर्ट तैयार कर दी गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वास्तविक स्थिति की निष्पक्ष जांच कराने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास किया गया। मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी व्यक्तियों द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि विभागीय संरक्षण में अज्ञात लोगों से फोन करवाकर धमकी दिलाई जा रही है, जिससे वह और उनका परिवार भयभीत है। शिकायतकर्ता ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आंगनबाड़ी केंद्र भवन अधूरा होने के कारण बच्चों और महिलाओं को सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। भवन निर्माण अधूरा होने से आंगनबाड़ी संचालन प्रभावित है और वर्षों से ग्रामीण समस्या झेल रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों एवं धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा अधूरे पड़े आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया जाए। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है।
संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.