तीन दिन से लापता बैटरी सवारी गाड़ी चालक रामदयाल यादव का शव मिलने से सनसनी

सुल्तानपुर : जनता सेवा के उद्देश्य से कम किराया लेकर बैटरी सवारी गाड़ी चलाने वाले ग्राम गोपालपुर खुर्द निवासी रामदयाल यादव (लगभग 65 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नहर किनारे मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वह पिछले तीन दिनों से लापता बताए जा रहे थे। शव मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार रामदयाल यादव रोजाना लोगों को कम किराये में बैटरी सवारी गाड़ी से आने-जाने की सुविधा देते थे। उनके सरल स्वभाव और जनता सेवा की भावना के कारण क्षेत्र में लोग उन्हें काफी सम्मान देते थे। परिजनों के मुताबिक वह तीन दिन पहले घर से निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
मंगलवार को गोपालपुर नहर मार्ग के पास ग्रामीणों ने एक शव पड़ा देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दोस्तपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान रामदयाल यादव के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।
दोस्तपुर थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं कादीपुर क्षेत्राधिकारी विनय कुमार गौतम भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी विनय कुमार गौतम ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करेगी।
परिजनों के अनुसार रामदयाल यादव की पत्नी का करीब 10 वर्ष पहले निधन हो चुका है। परिवार में उनके तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। बड़े पुत्र का नाम गुड्डू यादव, बीच वाले पुत्र का नाम शिवगिरी यादव तथा छोटे पुत्र का नाम संतोष यादव उर्फ पिंटू बताया गया है। पिता की मौत की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामदयाल यादव का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में उनकी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द खुलासा किए जाने की मांग की है।
दोस्तपुर थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है और बहुत जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.