धर्मपुर मुख्य मार्ग पर दर्दनाक हादसा: परिवार की उम्मीद सुनील चौहान की मौत, गांव में पसरा मातम

सुल्तानपुर : दोस्तपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर मुख्य मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। ताजुद्दीनपुर गांव निवासी 22 वर्षीय सुनील चौहान की बाइक दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि गांव में मातम का माहौल छा गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर आंख नम दिखाई दी।
जानकारी के अनुसार ताजुद्दीनपुर निवासी सुनील चौहान पुत्र रामकेश चौहान बृहस्पतिवार सुबह करीब 7 बजे अपनी R15 मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह धर्मपुर मुख्य मार्ग पर पहुंचे, अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि सुनील के सिर और कान के पास गंभीर चोटें आ गईं तथा कान से खून निकलने लगा।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत युवक को संभालने का प्रयास किया और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में ताजुद्दीनपुर समेत आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग पहुंच गए। परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
बताया जा रहा है कि सुनील चौहान पुणे में एक लोहा-खराद कंपनी में नौकरी करते थे। मेहनतकश और जिम्मेदार स्वभाव के सुनील करीब एक माह पहले ही अपने घर आए थे। कुछ समय पहले ही उन्होंने फाइनेंस पर नई R15 मोटरसाइकिल खरीदी थी। परिवार को उम्मीद थी कि नौकरी कर रहा बेटा परिवार की जिम्मेदारियों को संभालेगा और घर की आर्थिक स्थिति मजबूत करेगा, लेकिन एक पल में सब कुछ बिखर गया।
मृतक के पिता रामकेश चौहान खेती-किसानी का कार्य करते हैं और गांव में अपने सरल एवं मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। बेटे की असमय मौत से उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में बड़े भाई अनिल चौहान हैं। वहीं सात बहनें नीलम, शीला, नीतू, सीता, पुनीता, प्रीति और करिश्मा हैं। इनमें पांच बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि दो बहनों की शादी अभी बाकी है। ऐसे में सुनील चौहान परिवार की सबसे बड़ी उम्मीद माने जाते थे।
घटना की सूचना मिलते ही दोस्तपुर थाना प्रभारी नारदमुनि सिंह तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी तथा पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी कराई। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं ताजुद्दीनपुर ग्राम प्रधान मनोज चौहान भी शुरू से ही पीड़ित परिवार के साथ खड़े दिखाई दिए। प्रधान मनोज चौहान स्वयं अस्पताल पहुंचे, परिजनों की समस्याएं सुनीं और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया तक परिवार के साथ मौजूद रहे। उन्होंने शव ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था भी कराई तथा हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। प्रधान ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा गांव परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता की जाएगी

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.