कच्ची दीवार बनी काल,मलबे में दबकर मजदूर की मौत

सुल्तानपुर - बल्दीराय थाना क्षेत्र के नटौली गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दिहाड़ी मजदूर की मौत हो गई। कच्ची दीवार गिराने के दौरान अचानक दीवार भरभराकर मजदूर के ऊपर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार नटौली गांव निवासी रामजग (40) पुत्र रामबली गांव के ही एक व्यक्ति के घर पर मजदूरी कर कच्ची दीवार गिराने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक जर्जर दीवार ढह गई और वह उसके मलबे में दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचाया,लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।चिकित्सकों ने जांच के बाद रामजग को मृत घोषित कर दिया। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।सूचना पर पहुंची बल्दीराय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।रोजी-रोटी की तलाश में मजदूरी कर रहे रामजग की अचानक हुई मौत ने परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। गांव में हर कोई इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध है। 

रिपोर्टर : जगन्नाथ मिश्र

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.