दोस्तपुर-कादीपुर मार्ग की बदहाल स्थिति पर भड़के विधायक राजेश गौतम, अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार
कादीपुर,सुल्तानपुर : कादीपुर विधानसभा के विधायक राजेश कुमार गौतम के आवास पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के साथ-साथ दोस्तपुर-कादीपुर मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष दिनेश सिंह अग्निवंशी सहित व्यापारियों, ग्राम प्रधानों और क्षेत्रवासियों ने विधायक को सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं तथा राहगीरों, व्यापारियों, छात्रों और मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक राजेश गौतम ने तत्काल लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं सड़क विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की।
वार्ता के दौरान विधायक ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि जनता लंबे समय से सड़क की समस्या झेल रही है, लेकिन विभाग द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।
विधायक ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सड़क निर्माण कार्य बहुत जल्द शुरू नहीं किया गया तो वह स्वयं हजारों क्षेत्रवासियों के साथ धरने पर बैठने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और जनहित के मुद्दों पर वह किसी भी स्तर तक संघर्ष करने के लिए तैयार रहेंगे।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, राजस्व संबंधी शिकायतों तथा पुलिस प्रशासन से जुड़े कई मामलों पर भी सुनवाई की गई। विधायक ने संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों से बात कर कई शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कई ग्राम प्रधानों ने भी अपने गांवों की समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनका कर्तव्य है और क्षेत्र के विकास में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और जनता के प्रति जवाबदेह रहने के निर्देश दिए
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.