जनगणना 2027 के तहत छावनी मोहल्ला में घर-घर पहुंचकर किया जा रहा सर्वेक्षण

सुल्तानपुर : भारत सरकार द्वारा आयोजित जनगणना 2027 के अंतर्गत नगर पंचायत दोस्तपुर के छावनी मोहल्ला में मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना का कार्य निरंतर जारी है। जनगणना अभियान के तहत प्रगणक उपेंद्र कुमार द्वारा घर-घर जाकर परिवारों एवं आवासों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित की जा रही हैं।
इसी क्रम में उपेंद्र कुमार ने छावनी मोहल्ला में 35 घरों का सर्वेक्षण कर उनका विवरण अद्यतन किया। सर्वे के दौरान परिवार के सदस्यों की संख्या, मकान की स्थिति, पेयजल, शौचालय, बिजली सहित अन्य आवश्यक जानकारियों को निर्धारित प्रपत्रों में दर्ज किया गया। यह कार्य भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी सावधानी एवं पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है।
अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत दोस्तपुर ने बताया कि जनगणना देश की विकास योजनाओं का आधार होती है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण एवं संचालन करती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का सही विवरण दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा सर्वेक्षण कार्य में सहयोग करें। नगर पंचायत प्रशासन जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य में क्षेत्र के विकास, संसाधनों के बेहतर वितरण तथा जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.