ग्राम प्रधानों का हुआ भव्य सम्मान, विधायक राजबाबू और नवनीत सिंह सोनू ने बढ़ाया उत्साह
सुल्तानपुर : जनपद सुल्तानपुर में ग्राम पंचायतों के विकास एवं जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ग्राम प्रधानों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय (राजबाबू) एवं कूरेभार ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नवनीत सिंह सोनू ने ग्राम प्रधानों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा ग्रामीण विकास में उनकी भूमिका की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजबाबू ने कहा कि ग्राम प्रधान लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं और गांवों के विकास की आधारशिला भी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों के कार्यकाल में वृद्धि कर उन्हें जनता की सेवा का एक और अवसर प्रदान किया गया है। इस अतिरिक्त समय का उपयोग गांवों के विकास, गरीबों के कल्याण तथा शासन की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। ग्राम प्रधान अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। विधायक ने यह भी कहा कि जनता का विश्वास ही जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी पूंजी है और उसी विश्वास को कायम रखना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नवनीत सिंह सोनू ने कहा कि ग्राम प्रधान ग्रामीण विकास के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा लिया गया यह निर्णय गांवों के विकास को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने सभी प्रधानों से अपील की कि वे अपने गांवों में अधिक से अधिक विकास कार्य कराकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में मौजूद ग्राम प्रधानों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सामूहिक रूप से विधायक राजबाबू के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। प्रधानों ने कहा कि सरकार द्वारा दिए गए इस अतिरिक्त अवसर का पूरा लाभ गांवों के विकास और जनता की सेवा में लगाया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों को और अधिक विकसित, स्वच्छ तथा आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प भी लिया।
सम्मान समारोह के दौरान ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और उल्लास से भरा रहा। इस अवसर पर एडीओ पंचायत प्रकाश मिश्रा सहित ब्लॉक के अनेक अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने ग्रामीण विकास को नई दिशा देने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया। ग्राम प्रधानों के सम्मान और विकास को समर्पित यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.