पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने सुनी जनसमस्याएं
सुल्तानपुर : पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने सुनी जनसमस्याएं, कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश
सुल्तानपुर। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न तहसीलों, गांवों एवं कस्बों से पहुंचे महिला एवं पुरुष फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनसुनवाई में भूमि विवाद, छेड़छाड़, मारपीट, पारिवारिक विवाद, कब्जेदारी, उत्पीड़न एवं अन्य शिकायतों से संबंधित बड़ी संख्या में लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे।
पुलिस अधीक्षक ने एक-एक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने तत्काल संबंधित थानों पर फोन कर थाना प्रभारियों को निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है तथा किसी भी पीड़ित को न्याय पाने में अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से जुड़े मामलों, छेड़छाड़ एवं उत्पीड़न की शिकायतों को विशेष प्राथमिकता देते हुए एसपी ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में भी राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर विधिक प्रक्रिया के तहत समाधान कराने पर जोर दिया गया।
फरियादियों ने पुलिस अधीक्षक द्वारा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाने पर संतोष व्यक्त किया। जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन द्वारा लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर आमजन में विश्वास बढ़ाने का प्रयास लगातार जारी है
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.