पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और स्मार्ट मीटर के विरोध में सपा का हल्ला बोल

सुल्तानपुर - कादीपुर पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों, बढ़ती महंगाई और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के विरोध में समाजवादी पार्टी ने कादीपुर तहसील मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। पूर्व विधायक भगेलू राम के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, समर्थक एवं आम नागरिक शामिल हुए। तहसील परिसर सपा कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने जनहित के मुद्दों को लेकर जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार का ध्यान आम जनता की समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक भगेलू राम ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि ईंधन के दाम बढ़ने का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका प्रभाव हर व्यक्ति के जीवन पर पड़ता है। परिवहन महंगा होने से बाजार में आने वाली लगभग हर वस्तु की कीमत बढ़ जाती है, जिससे आम परिवारों का मासिक बजट प्रभावित होता है।

उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण गरीब, मजदूर, छोटे व्यापारी, नौकरीपेशा और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे अधिक परेशान हैं। घर का खर्च चलाना दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है। पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि का असर यात्री किराए, माल भाड़े और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने मांग की कि आम जनता को राहत देने के लिए ईंधन की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए। धरना के दौरान स्मार्ट मीटर का मुद्दा भी प्रमुख रूप से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिलों में अनियमितता और अधिक बिल आने की शिकायतें की जा रही हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख रहे हैं, लेकिन समाधान अपेक्षित गति से नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का निष्पक्ष परीक्षण कर उन्हें राहत दी जानी चाहिए। सपा नेताओं ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना सरकार और विभाग की जिम्मेदारी है। यदि किसी व्यवस्था को लागू किया जाता है तो उसके प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना भी आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटर से संबंधित सभी शिकायतों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और उपभोक्ताओं को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए। धरना-प्रदर्शन में मौजूद नेताओं ने कहा कि आम जनता आज महंगाई और बढ़ते खर्चों से परेशान है। ऐसे समय में सरकार को जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान लोकतांत्रिक तरीके से किया जाना चाहिए और लोगों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। धरना-प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण, महंगाई कम करने, स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान करने तथा बिजली उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने की मांग की गई। कार्यक्रम में दोस्तपुर नगर पंचायत प्रतिनिधि रमेश सोनकर सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के रईस अहमद घौसी पारश सोनकर अनिल यादव सभाजीत पिंटू  पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे तहसील परिसर में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। प्रदर्शन के दौरान जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया और समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की गई

संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.