ग्रेट निकोबार बचाओ अभियान को सुल्तानपुर में मिला जनसमर्थन
सुल्तानपुर : जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को विकास भवन गेट के सामने स्थित राजीव गांधी तिकोनिया पार्क के बाहर “ग्रेट निकोबार बचाओ” हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय कांग्रेस एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के समर्थन में हस्ताक्षर किए। अभियान के माध्यम से लोगों को ग्रेट निकोबार द्वीप की पर्यावरणीय, जैविक और सांस्कृतिक महत्ता के बारे में जागरूक किया गया तथा उसके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि ग्रेट निकोबार द्वीप केवल एक भूभाग नहीं, बल्कि भारत की प्राकृतिक संपदा, जैव विविधता और आदिवासी संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि यहां पाए जाने वाले घने वन, दुर्लभ वन्यजीव और समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विकास परियोजनाओं के नाम पर पर्यावरणीय नियमों और मानकों की अनदेखी कर रही है, जिससे इस संवेदनशील क्षेत्र की प्राकृतिक संरचना को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि हजारों हेक्टेयर जंगलों की कटाई, दुर्लभ जीव-जंतुओं के प्राकृतिक आवासों का विनाश तथा स्थानीय आदिवासी समुदायों के अधिकारों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि विकास आवश्यक है, लेकिन ऐसा विकास जो पर्यावरण को नष्ट कर दे और भविष्य की पीढ़ियों के अस्तित्व पर संकट खड़ा कर दे, उसे प्रगतिशील विकास नहीं कहा जा सकता। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रकृति और विकास के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आज यदि ग्रेट निकोबार को बचाने के लिए आवाज नहीं उठाई गई तो आने वाले समय में देश के अन्य वन क्षेत्र, जल स्रोत और प्राकृतिक संसाधन भी इसी प्रकार के संकट का सामना करेंगे। यह लड़ाई केवल एक द्वीप की नहीं बल्कि देश के पर्यावरण, जलवायु, जंगल, जमीन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी प्राकृतिक संसाधनों की अंधाधुंध लूट और पर्यावरण के विनाश के खिलाफ निरंतर संघर्ष करती रहेगी। यदि सरकार ने जनभावनाओं और पर्यावरणीय चिंताओं को नजरअंदाज किया तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन खड़ा करेगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि ग्रेट निकोबार भारत की प्राकृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और वहां की जैव विविधता को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी योजनाओं पर पुनर्विचार करना चाहिए जिनसे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका हो। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि दोनों के बीच संतुलन बनाकर ही देश का सतत विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।
हस्ताक्षर अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए ग्रेट निकोबार के संरक्षण की मांग का समर्थन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों से इस जन-जागरण अभियान से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता की रक्षा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर जागरूकता संदेश भी दिए गए।
इस अवसर पर कृष्ण कुमार मिश्रा, हरीश त्रिपाठी, ओम प्रकाश सिंह, पवन गौतम, आवेश अहमद, रणजीत सिंह सलूजा, सलाहुद्दीन हाशमी, संतोष वर्मा, आर.बी. पांडे, अपरबल सिंह, अवधेश गौतम, सोहेल अहमद, श्याम लगन कोरी, राम किशोर, धर्मराज मिश्रा, देवेंद्र तिवारी, इन्द्रकेश शर्मा, देवेंद्र श्रीवास्तव, अरविंद त्रिलोकचंदी, मोहसिन सलीम सहित दर्जनों कांग्रेसजन एवं नागरिक उपस्थित रहे
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.