सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता का अलख जगाने दोस्तपुर पहुंचे पंडित पंकज धौरैया
सुल्तानपुर : राष्ट्रीय स्वर्ण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित पंकज धौरैया के सुल्तानपुर जनपद आगमन पर दोस्तपुर क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह और जनसमर्थन देखने को मिला। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से लेकर कार्यक्रम स्थल तक कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा एवं जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" और "जय श्रीराम" के उद्घोष लगातार गूंजते रहे, जिससे वातावरण राष्ट्रभक्ति और धार्मिक आस्था से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
कार्यक्रम में सुल्तानपुर, अयोध्या, अमेठी, जौनपुर सहित विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में राष्ट्रीय स्वर्ण परिषद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पहुंचे। संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन और एकता का अद्भुत दृश्य पूरे आयोजन में देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रहित, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरण के संदेश से परिपूर्ण माहौल बना रहा।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित पंकज धौरैया ने कहा कि सनातन धर्म केवल एक आस्था नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक महान पद्धति है, जो मानवता, सेवा, त्याग, सहिष्णुता और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करती है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत को पहचाने, भारतीय मूल्यों को आत्मसात करे और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वर्ण परिषद समाज के सम्मान, अधिकारों और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संगठन का लक्ष्य समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ते हुए सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और जनजागरण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी पंडित श्रीपति दुबे ने भी सनातन संस्कृति और हिंदू धर्म की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन एवं समृद्ध संस्कृतियों में से एक है, जिसने सदैव मानव कल्याण और विश्व बंधुत्व का संदेश दिया है। उन्होंने युवाओं से अपने धर्म, संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दोस्तपुर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दिनेश सिंह अग्निवंशी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि समाज और व्यापारिक वर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित प्रयास समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्वर्ण परिषद द्वारा सामाजिक जागरूकता, संगठनात्मक मजबूती और समाज में समरसता स्थापित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अमित उपाध्याय फौजी, अयोध्या मंडल अध्यक्ष सूबेदार मेजर गौरी शंकर शर्मा, उपाध्यक्ष धीरेंद्र पांडेय, जिला मीडिया प्रभारी पंडित श्रीपति दुबे, कांग्रेस नेता प्रमोद मिश्र, मंडल प्रभारी अतुल तिवारी, लक्ष्य दुबे, शैलेंद्र सिंह, सुशील त्रिपाठी, रतीपाल तिवारी, विनय पाण्डेय, अरविंद त्रिपाठी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित पंकज धौरैया को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेश तिवारी ने किया तथा संगठन की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी उपस्थित जनसमूह को दी।
समारोह के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाजहित के कार्यों को गति देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, सामाजिक एकता एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ। समापन अवसर पर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोषों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.