हाई टेंशन लाइन के पोल पर कई दिनों से फंसा बंदर

सुल्तानपुर - कुड़वार थाना क्षेत्र के परसीपुर गांव में एक बंदर पिछले कई दिनों से हाई टेंशन बिजली लाइन के पोल के ऊपरी हिस्से पर बैठा हुआ है। बंदर के लगातार पोल पर मौजूद रहने से गांव के लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बंदर न तो नीचे उतर पा रहा है और न ही किसी दूसरी सुरक्षित जगह पर जा रहा है, जिससे उसकी जान पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार कई दिनों से बंदर उसी स्थान पर बैठा दिखाई दे रहा है। भीषण गर्मी और बारिश की आशंका के बीच बंदर की स्थिति को लेकर लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। गांव के लोगों ने वन विभाग, बिजली विभाग और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर बंदर को सुरक्षित नीचे उतारने की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग भी सक्रिय हो गया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) राजकुमार मौर्य ने बताया कि बंदर को सुरक्षित बचाने के लिए बिजली विभाग और कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाई टेंशन लाइन पर रेस्क्यू अभियान चलाना सामान्य परिस्थितियों की तुलना में काफी कठिन और जोखिम भरा होता है। ऐसे मामलों में पहले बिजली आपूर्ति को सुरक्षित ढंग से नियंत्रित करना पड़ता है, उसके बाद ही किसी प्रकार की कार्रवाई संभव हो पाती है। रेंजर ने बताया कि विभागीय समन्वय के माध्यम से जल्द ही आवश्यक व्यवस्था कर बंदर को सुरक्षित स्थान पर लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे स्वयं किसी प्रकार का जोखिम उठाकर बंदर को उतारने का प्रयास न करें, क्योंकि इससे दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। वहीं गौरक्षा वाहिनी के जिला संयोजक उदय मिश्रा भी इस मामले को लेकर सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि बंदर के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए संबंधित उच्च अधिकारियों से लगातार वार्ता की जा रही है। उनका कहना है कि वन विभाग और बिजली विभाग के सहयोग से जल्द ही बंदर को सुरक्षित नीचे उतारने की व्यवस्था कराई जाएगी। गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द रेस्क्यू अभियान चलाया जाए, ताकि कई दिनों से हाई टेंशन पोल पर बैठे बंदर की जान बचाई जा सके। फिलहाल पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और ग्रामीण बंदर के सुरक्षित रेस्क्यू का इंतजार कर रहे हैं

संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.