करौदी कला से राष्ट्रवादी पार्टी ने भरी 2027 की हुंकार

सुल्तानपुर :  जनपद के करौदी कला क्षेत्र में राष्ट्रवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह के आगमन पर भव्य स्वागत समारोह एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। प्रदेश सचिव भानु प्रताप सिंह इंजीनियर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि राष्ट्रवादी पार्टी आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाएं तथा पार्टी के चुनाव चिन्ह "हीरा" के प्रति लोगों को जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाना और आम लोगों की आवाज बनना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जाए और जनता के साथ निरंतर संवाद स्थापित किया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि समर्पित कार्यकर्ताओं और मजबूत संगठन के बल पर राष्ट्रवादी पार्टी आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में प्रभावी भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव पूनम सिंह ने महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं प्रदेश सचिव भानु प्रताप सिंह ने संगठन विस्तार अभियान को तेज करने और नए सदस्यों को जोड़ने का आह्वान किया। लखनऊ जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष लालजी, ब्लॉक अध्यक्ष चंदन सिंह, कार्यकर्ता विनय एवं अजीत कुमार सहित अनेक पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर उद्योग व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष दिनेश सिंह अग्निवंशी भी उपस्थित रहे। बैठक में सदस्यता अभियान, बूथ गठन, संगठन विस्तार तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से मंथन किया गया। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे पार्टी के "हीरा" चुनाव चिन्ह को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। इसके उपरांत वह अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रतापगढ़ के लिए रवाना हो गए। पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह, जोश और वर्ष 2027 के चुनावी अभियान को लेकर विशेष सक्रियता देखने को मिली

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.